शाजापुर। जिले के कालापीपल तहसील अंतर्गत ग्राम आगखेड़ी में हनुमान जयंती का पर्व बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर आगखेड़ी हनुमान मंदिर में सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे।
कार्यक्रम के दौरान भगवान श्री हनुमान को छप्पन भोग अर्पित किया गया और उसके बाद भक्तों के बीच प्रसादी का वितरण किया गया। पूरा मंदिर परिसर और पंडाल बालाजी के जयकारों से गूंज उठा, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
भगवान सिंह चंद्रवंशी ने बताया कि हनुमान जयंती सनातन धर्म का महत्वपूर्ण पर्व है, जिसे पूरे भारत ही नहीं बल्कि विश्वभर में बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि आगखेड़ी हनुमान मंदिर की विशेष मान्यता है, जहां आने वाले भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान समय में जहां सामाजिक मूल्यों में गिरावट देखने को मिलती है, वहीं ऐसे धार्मिक आयोजनों के माध्यम से सनातन संस्कृति और मानवीय मूल्यों को मजबूती मिलती है। पूरे आयोजन के दौरान गांव में समरसता और एकता का अद्भुत उदाहरण देखने को मिला, जिससे आगखेड़ी का माहौल पूरी तरह भक्ति रस में सराबोर नजर आया।