मनासा। तहसील के ग्राम कुंडला में भारतीय सेना से 24 वर्ष की सेवा पूर्ण कर लौटे जवान मुकेश राठौर का शुक्रवार को भव्य स्वागत किया गया। 3 अप्रैल को जैसे ही वे गांव पहुंचे, ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक उनका अभिनंदन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत कालेश्वर मंदिर में हवन-पूजन के साथ हुई। इसके बाद सुबह 11 बजे सैनिक ने सैन्य वर्दी में करीब 6 किलोमीटर लंबी पैदल रैली निकाली। रैली के दौरान डीजे पर देशभक्ति गीतों के बीच ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला।
गांव में कई स्थानों पर पुष्प वर्षा की गई तथा 9 प्रमुख स्थानों पर साफा बांधकर उनका सम्मान किया गया। इस दौरान जवान ने गांव के बुजुर्गों के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया।
करीब 3500 की आबादी वाले कुंडला गांव में यह आयोजन एकता और देशसेवा के सम्मान का प्रतीक बना। 24 वर्षों तक देश सेवा के बाद अब मुकेश राठौर अपने परिवार और गांव के बीच समय बिताएंगे।