शाजापुर। बाबा मंगलनाथ मंदिर प्रांगण में शनिवार को गौ सम्मान अभियान के अंतर्गत कार्ययोजना बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी गतिविधियों को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में तय किया गया कि 27 अप्रैल को शाजापुर तहसील में ‘गौमाता सम्मान दिवस’ मनाया जाएगा। इस अवसर पर मां राजराजेश्वरी मंदिर प्रांगण से प्रातः 11 बजे संकीर्तन के साथ भव्य यात्रा निकाली जाएगी, जो ट्रैफिक पॉइंट, फव्वारा चौराहा, बस स्टैंड और गड्ढा बस स्टैंड होते हुए पुनः मंदिर पहुंचेगी।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भी सौंपे जाएंगे, जिनमें गौमाता को राष्ट्र माता का दर्जा देने और संरक्षण के लिए सख्त कानून बनाने की मांग प्रमुख रहेगी।
बैठक में विभिन्न गांवों से आए गौसेवकों ने हस्ताक्षर अभियान चलाने का संकल्प लिया। साथ ही लोगों से अधिक से अधिक संख्या में जुड़कर अभियान को सफल बनाने की अपील की गई।