नीमच। शहर के टाउन हॉल में मुसाफिर म्यूजिकल ग्रुप द्वारा 4 अप्रैल, शनिवार रात्रि 8 बजे “झिलमिल गीतों की महफिल” कार्यक्रम के माध्यम से फिल्म अभिनेता धर्मेंद्र को संगीतमय भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में शहर के अनेक गणमान्य नागरिक, संगीत प्रेमी एवं विभिन्न संगीत संस्थाओं के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों एवं ग्रुप संयोजक खजानसिंह पवार द्वारा मां सरस्वती एवं धर्मेंद्र की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात प्रभुलाल रेगर ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।
कार्यक्रम में ग्रुप के कलाकारों ने धर्मेंद्र पर फिल्माए गए लोकप्रिय गीतों की शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। विजय कुमार चौहान, धीरज मंडोरिया, सुनीता, भरत घावरी, प्रभा बैरागी, राजेंद्र रोकड़े, सदाशिव सेन, डॉ. दीपक ओझा, राकेश मालानी, राजेश सेन सहित अन्य कलाकारों ने एक से बढ़कर एक गीत प्रस्तुत किए।
विशेष आकर्षण के रूप में नन्हे कलाकार हार्दिक रेगर एवं याचना पवार ने भी अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। कार्यक्रम का संचालन मंजुला धीर द्वारा अत्यंत प्रभावी एवं शालीन तरीके से किया गया। समापन पर ग्रुप का थीम सॉन्ग “चलते-चलते मेरे ये गीत याद रखना” प्रस्तुत किया गया।
ग्रुप प्रमुख खजानसिंह पवार ने बताया कि पिछले 5 वर्षों से ग्रुप द्वारा नॉन-प्रोफेशनल कलाकारों को मंच प्रदान कर संगीत को जीवंत बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है। अंत में विजय कुमार चौहान ने सभी अतिथियों, सहयोगियों एवं संगीत प्रेमियों का आभार व्यक्त किया।