नीमच। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मंगलवार को नीमच जिले के सिंगोली में सकल जैन समाज द्वारा आयोजित पंचकल्याणक महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने योग प्रेरक मुनि श्री 108 प्रणम्य सागर जी महाराज को श्रीफल भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम में सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक ओमप्रकाश सकलेचा, विधायक सुरेश धाकड़, विधायक अशोक कोठारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में जैन समाज के श्रद्धालु उपस्थित रहे।
लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने इस दौरान मुनिश्री प्रणम्य सागर महाराज द्वारा रचित ‘आयुर्वेद सूत्रकम’ पुस्तक एवं वैराग्य वाटिका का विमोचन किया तथा मुनिश्री को पुस्तक की प्रति भेंट की।
अपने संबोधन में बिरला ने कहा कि जैन संतों का जीवन, तप और तपस्या समाज को सद्प्रेरणा देने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि मुनिश्री ने योग के माध्यम से स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने का मार्ग बताया है, जिससे लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आ रहा है। उन्होंने वैश्विक शांति के लिए अहिंसा के मार्ग पर चलने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
कार्यक्रम को सांसद सुधीर गुप्ता एवं विधायक ओमप्रकाश सकलेचा ने भी संबोधित किया। आयोजन समिति द्वारा अतिथियों का स्वागत-अभिनंदन कर स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। कार्यक्रम से पूर्व लोकसभा अध्यक्ष के सिंगोली आगमन पर जिला प्रशासन द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।