मंदसौर। जिले में मंगलवार देर शाम से रात तक आए तेज आंधी-तूफान ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिर गए, वहीं शादी समारोहों के लिए लगाए गए पंडाल भी उखड़ गए। इसी बीच एक दर्दनाक हादसे में नदी में मोटर बोट (स्टीमर) से गिरने पर एक युवती की मौत हो गई।

नदी पार करते समय हुआ हादसा-
जानकारी के अनुसार कुशालपुरा निवासी 24 वर्षीय आशा पिता कन्हैयालाल सूर्यवंशी, खात्याखेड़ी में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने जा रही थी। ग्राम ढौर्री के पास नदी पार करते समय तेज हवा के कारण मोटर बोट अनियंत्रित हो गई, जिससे युवती संतुलन खो बैठी और नदी में गिर गई।

घंटों चला रेस्क्यू, देर रात मिला शव-
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। नाहरगढ़ थाना पुलिस ने एसडीईआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद मंगलवार देर रात युवती का शव नदी से बरामद किया गया।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव-
शव को पोस्टमार्टम के लिए नाहरगढ़ स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। जहां आज बुधवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

परिवार में मातम, क्षेत्र में शोक-
इस दर्दनाक हादसे से मृतका के परिवार में शोक की लहर है, वहीं पूरे क्षेत्र में गम का माहौल है। प्रशासन द्वारा आंधी-तूफान से हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है।
