तराना। तराना स्थित प. पूज्य श्री नाना महाराज तराणेकर गुरु मंदिर प्रांगण में एक दिवसीय पुण्यतिथि स्मरण महोत्सव बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सद्गुरु नाना महाराज तराणेकर के अभिषेक पूजन से हुई। इसके पश्चात नाना बावणी का पाठ एवं भजनों की मधुर प्रस्तुति के बीच वातावरण भक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम के दौरान महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें मंदिर के पंडित पंकज दूबे सहित बड़ी संख्या में नाना भक्तों ने भाग लिया और आशीर्वाद प्राप्त किया।
गौरतलब है कि नाना महाराज तराणेकर का जन्म तराना में हुआ था। वे बीसवीं शताब्दी के दौरान हिंदू धर्म के दत्त संप्रदाय के प्रमुख संतों में से एक माने जाते हैं। उन्हें भगवान दत्तात्रेय का सोलहवां अवतार माना जाता है। वे श्री वासुदेवानंद सरस्वती स्वामी महाराज के प्रत्यक्ष शिष्य थे और उनकी ख्याति महाराष्ट्र, गुजरात सहित विदेशों तक फैली हुई है।