चित्तौड़गढ़। जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के कोटा प्रवास के दौरान धर्मपुरा स्थित रामकरण गुंजल के निवास पर पूर्व राज्यमंत्री सुरेंद्रसिंह जाड़ावत ने पहुंचकर दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उनके साथ पूर्व नगर परिषद सभापति रमेशनाथ योगी एवं ओबीसी प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष गेहरूगिरी गोस्वामी भी मौजूद रहे।
प्रवक्ता नवरतन जीनगर ने बताया कि इस दौरान पूर्व राज्यमंत्री जाड़ावत ने माघ मेले में शंकराचार्य के शिष्यों के साथ हुई घटना को लेकर चित्तौड़गढ़ में कांग्रेस द्वारा किए गए प्रदर्शन की मीडिया कवरेज की प्रतिलिपि उन्हें भेंट की। शंकराचार्य ने इस पहल की सराहना करते हुए जाड़ावत का माला एवं शॉल पहनाकर सम्मान किया।
इस अवसर पर शंकराचार्य ने गौहत्या रोकने के मिशन से जुड़ने और गोवंश संरक्षण के लिए आगे आने का आह्वान किया। इस पर जाड़ावत ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के कार्यकाल में गौशालाओं के निर्माण हेतु एक करोड़ रुपये एवं 10 बीघा भूमि आवंटन के निर्णय की जानकारी दी।
चर्चा के दौरान जाड़ावत ने बताया कि वे पहले भी शंकराचार्य से मिलने उत्तराखंड जाना चाहते थे, लेकिन उनके प्रवास के कारण संभव नहीं हो सका। कोटा आगमन की जानकारी मिलने पर वे दर्शन के लिए पहुंचे और शंकराचार्य को चित्तौड़गढ़ आने का निमंत्रण भी दिया।