मंदसौर। जिले में अवैध शराब निर्माण के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दलौदा तहसील के ग्राम बानीखेड़ी में शनिवार देर शाम दबिश दी। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में कच्ची शराब और लहान जब्त कर नष्ट किया गया। हालांकि मौके से कोई आरोपी गिरफ्तार नहीं हो सका और सभी फरार हो गए।
आबकारी विभाग को सूचना मिली थी कि ग्राम बानीखेड़ी में अवैध रूप से कच्ची शराब तैयार की जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर छापामार कार्रवाई की।
कलेक्टर अदिति गर्ग के निर्देश एवं जिला आबकारी अधिकारी रामहंस पचौरी के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में करीब 30 लीटर हाथभट्टी शराब जब्त की गई। साथ ही लगभग 1500 किलो महुआ लहान एवं शराब निर्माण में उपयोग होने वाली सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
जब्त एवं नष्ट किए गए माल की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 53 हजार रुपए बताई गई है। विभाग ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।