मंदसौर। जिले के दलोदा थाना क्षेत्र अंतर्गत आक्या गांव के पास रविवार को एक सड़क हादसा हो गया। सांवलिया सेठ मंदिर दर्शन के लिए जा रहे युवकों की कार सामने से आ रही एक अन्य कार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार कार में कुल पांच युवक सवार थे, जो उज्जैन और शाजापुर से राजस्थान स्थित प्रसिद्ध सांवलिया सेठ मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। आक्या के पास अचानक सामने से वाहन आने पर चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे कार सड़क पर पलट गई।हादसे की सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को धुंधड़का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों गंभीर घायलों को जिला अस्पताल मंदसौर रेफर किया गया।

घायलों में उज्जैन निवासी 25 वर्षीय ऋषभ पाटीदार पिता राकेश पाटीदार के हाथ एवं शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। वहीं शाजापुर निवासी 21 वर्षीय लक्की राठौर पिता गुड्डा राठौर के मुंह एवं पैर में चोटें आई हैं। दोनों का इलाज जिला चिकित्सालय में जारी है।

पुलिस ने मामले में दुर्घटना के कारणों की जांच प्रारंभ कर दी है। गनीमत रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, अन्य तीन युवक सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
