भोपाल। मध्य प्रदेश के इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग में अगले 4 दिन तक लू चलने का अलर्ट है। इस दौरान उज्जैन संभाग के रतलाम, नीमच और मंदसौर में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। भोपाल, इंदौर, जबलपुर-ग्वालियर समेत प्रदेश के 49 जिलों में भी पारा 43 से 44 डिग्री के बीच बना रहेगा।
भीषण गर्मी के बीच इंदौर में निकली एक बारात चर्चा का विषय बन गई। सयाजी होटल पहुंची इस बारात में लंबा शामियाना लगाया गया था। बाराती इसके नीचे नाचते-गाते चल रहे थे। इसके अलावा गर्मी से राहत के लिए बारात में बैंड के साथ 20 से ज्यादा जंबो कूलर भी थे।
रतलाम में दूसरे दिन भी पारा 45 डिग्री
इससे पहले सोमवार को रतलाम में 45 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। लगातार दूसरे दिन रतलाम का पारा 45 डिग्री या इससे ज्यादा रहा है। इंदौर में पारा रिकॉर्ड 43.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। यह इस सीजन में सबसे अधिक रहा है। पिछले साल 1 मई को पारा 42 डिग्री रहा था यानी, इंदौर में गर्मी पिछले साल से भी ज्यादा है।
उज्जैन में अधिकतम तापमान 43 डिग्री, भोपाल में 41.2 डिग्री, जबलपुर में 40.8 डिग्री और ग्वालियर में तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रहा। अन्य शहरों की बात करें तो सोमवार को रतलाम के बाद शाजापुर में पारा सबसे ज्यादा 44.2 डिग्री रहा।
धार में 44 डिग्री, खरगोन में 42.6 डिग्री, खंडवा में 42.5 डिग्री, गुना में 41.5 डिग्री, रायसेन, सागर, नर्मदापुरम-श्योपुर में 41.4 डिग्री, नरसिंहपुर में 41 डिग्री, खजुराहो में 40.9 डिग्री, छिंदवाड़ा में 40.7 डिग्री, दमोह में 40.5 डिग्री, मंडला में 40.4 डिग्री, बैतूल-नौगांव में तापमान 40 डिग्री दर्ज किया गया।