खरगोन। प्रभुकृपा कॉलोनी के रहवासियों ने कॉलोनाइजर पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कलेक्टर कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है। कॉलोनीवासियों का कहना है कि प्लॉट बेचते समय पानी, सड़क, बिजली, मंदिर, गार्डन और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं का वादा किया गया था, लेकिन अब अधिकांश सुविधाएं नदारद हैं।
रहवासियों ने बताया कि आकर्षक प्रचार सामग्री और सुविधाओं के दावों को देखकर उन्होंने कॉलोनी में प्लॉट खरीदे थे। मकान बनने और पजेशन मिलने के बाद कॉलोनाइजर अपने वादों से पीछे हट गया। कॉलोनी में पिछले एक माह से स्ट्रीट लाइट बंद पड़ी हैं, जिससे रात के समय अंधेरा और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि अब कॉलोनाइजर द्वारा पेयजल सप्लाई बंद करने की धमकी दी जा रही है, जिससे रहवासियों में आक्रोश है। कॉलोनीवासियों ने प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित कराने की मांग की है।
कलेक्ट्रेट पहुंचे राजाराम यादव, राहुल पाटीदार, सतीष यादव, राजेश भारद्वाज और विपुल गुप्ता सहित अन्य रहवासियों ने डिप्टी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।