चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ अर्बन कोऑपरेटिव बैंक लिमिटेड अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने पर रजत जयंती वर्ष समापन एवं गौरव समारोह का आयोजन 23 मई 2026, शनिवार शाम 4 बजे इंदिरा प्रियदर्शिनी ऑडिटोरियम में करेगा।
बैंक अध्यक्ष डॉ. आई.एम. सेठिया ने बताया कि समारोह में बैंक की 25 वर्षों की प्रगति का प्रेजेंटेशन, भविष्य की विकास योजनाओं की रूपरेखा, वरिष्ठ निदेशकों, ग्राहक सदस्यों एवं स्टाफ का सम्मान तथा नवीन योजनाओं का शुभारंभ किया जाएगा।
समारोह से पूर्व दोपहर 2 बजे बैंक की 26वीं वार्षिक आमसभा आयोजित होगी, जिसमें केवल अंशधारी सदस्य भाग ले सकेंगे। आमसभा में वार्षिक प्रतिवेदन, अंकेक्षित लेखा विवरण, बजट अनुमोदन एवं 10 प्रतिशत लाभांश वितरण पर चर्चा की जाएगी।
डॉ. सेठिया ने बताया कि समारोह में पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया, राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, सहकारिता मंत्री गौतम कुमार दक, सहकारिता सचिव डॉ. समित शर्मा, सांसद सी.पी. जोशी सहित विधायक श्रीचंद कृपलानी, चंद्रभान सिंह आक्या, अर्जुनलाल जीनगर और सुरेश धाकड़ की उपस्थिति रहेगी।
बैंक उपाध्यक्ष शिवनारायण मानधना ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियों के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। बैंक प्रबंधन ने जिले के गणमान्य नागरिकों, सदस्यों एवं ग्राहकों से समारोह में शामिल होकर अर्बन बैंक को आशीर्वाद देने की अपील की है।