चित्तौड़गढ़। राजस्थान योगासन भारत, चित्तौड़गढ़ के तत्वावधान में सातवीं जिला स्तरीय योगासन प्रतियोगिता का आयोजन इंदिरा गांधी स्टेडियम हॉल में भव्य रूप से संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में जिलेभर से लगभग 80 प्रतिभागियों ने ऑनलाइन पंजीकरण के माध्यम से भाग लेकर विभिन्न योगासनों में अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय जीवन बीमा निगम के पूर्व विकास अधिकारी पवन जागेटिया एवं राजेश न्याती द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर आरवाईएसए जिला अध्यक्ष किशन पिछोलिया ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए योगासन को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने की आवश्यकता बताई।
जिला सचिव योग गुरु सुरेश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता में 10 से 55 वर्ष तक के महिला एवं पुरुष प्रतिभागियों ने ट्रेडिशनल इवेंट में शानदार प्रदर्शन किया। लगभग 70 गोल्ड, 35 सिल्वर एवं 20 ब्रॉन्ज मेडल विजेताओं को प्रदान किए गए।
सीनियर पुरुष वर्ग में शुभम कुशवाह, महिला वर्ग में सुरभि ईनाणी को बेस्ट योगी घोषित किया गया, जबकि सीनियर एथलीट वर्ग में पुरुष में रवि झुनझुनवाला और महिला में ममता तातेड़ ने श्रेष्ठ प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में चयनित लगभग 25 प्रतिभागी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
प्रतियोगिता की विशेषता आधुनिक तकनीक आधारित निर्णायक प्रक्रिया रही। अतिथियों ने योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए इसके नियमित अभ्यास पर बल दिया। कार्यक्रम में विभिन्न गणमान्य अतिथियों, निर्णायकों एवं प्रतिभागियों की उपस्थिति रही।
अंत में आयोजन समिति की ओर से सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया।