नीमच। जिले के मनासा थाना क्षेत्र की कंजार्डा चौकी के अंतर्गत एक आदिवासी परिवार में दिल दहला देने वाली बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां कल सुबह करीब 4ः00 बजे एक पति ने सोते समय अपनी ही पत्नी पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर उसे लहूलुहान कर दिया और वारदात के बाद खुद रस्सी लेकर जंगल की ओर भाग गया, जहां उसने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली।
इस खौफनाक कदम के बाद पूरा परिवार बिखर गया है और मृतक दंपति के दो मासूम बच्चे बेसहारा हो गए हैं, हालांकि पति द्वारा पत्नी पर हमला करने और खुद मौत को गले लगाने के असली कारणों का फिलहाल कोई खुलासा नहीं हो पाया है। सबसे हैरान कर देने वाली बात यह रही कि इतनी बड़ी वारदात होने के तुरंत बाद कंजार्डा पुलिस तो मुस्तैदी से मौके पर पहुंच गई थी, लेकिन 24 घंटे से ज्यादा का समय बीत जाने के बाद भी इस खबर की भनक मीडिया में कहीं नहीं लग पाई थी।
इस एक्सक्लूसिव और अंदरूनी खबर के सामने आने के बाद अब पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और कंजार्डा पुलिस मर्ग कायम कर इस खूनी खेल के पीछे की असली वजह तलाशने के लिए हर पहलू की गहनता से जांच में जुट गई है।