नीमच। नगर समस्या एवं सुझाव ग्रुप (एनएसएसजी) के तत्वावधान में वरिष्ठ पत्रकार एवं मीसाबंदी स्वर्गीय गोपालजी खंडेलवाल की पुण्यतिथि पर मंगलवार को “खंडेलवाल स्मृति विशाल निरूशुल्क स्वास्थ्य परामर्श शिविर” का आयोजन किया गया। शिविर में शहर एवं आसपास के क्षेत्रों से आए 100 से अधिक मरीजों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य परामर्श लेकर लाभ प्राप्त किया।
शिविर में पारस हॉस्पिटल उदयपुर के न्यूरोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. तरुण माथुर एवं यूरोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. मुकेश सेवाग ने मरीजों की जांच कर निरूशुल्क परामर्श प्रदान किया।
इस दौरान सिरदर्द, माइग्रेन, चक्कर, लकवा, मिर्गी, नसों की कमजोरी, रीढ़ एवं मस्तिष्क संबंधी बीमारियों से पीड़ित मरीजों ने चिकित्सकीय सलाह ली। वहीं किडनी स्टोन, प्रोस्टेट, पेशाब संबंधी समस्याओं एवं अन्य मूत्र रोगों से ग्रसित मरीज भी बड़ी संख्या में शिविर में पहुंचे।
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों को आवश्यक जांच, उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।
शिविर का आयोजन सिंहल हॉस्पिटल, शास्त्री नगर नीमच में किया गया। मरीजों की सुविधा के लिए पूर्व पंजीयन व्यवस्था भी की गई थी। कार्यक्रम के सफल आयोजन में नगर समस्या एवं सुझाव ग्रुप के सदस्यों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं का विशेष सहयोग रहा।