नीमच। सरवानिया महाराज चौकी क्षेत्र से एक नाबालिग बालिका के लापता होने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के बाद परिजन एवं हिंदू संगठनों में आक्रोश फैल गया है। मामले को लेकर सर्व हिंदू समाज एवं परिजनों ने पुलिस को ज्ञापन सौंपकर नाबालिग को शीघ्र दस्तयाब करने तथा आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि बालिका को बहला-फुसलाकर अपहरण किया गया है। उन्होंने अरमान मंसूरी नामक युवक पर संदेह जताते हुए उसकी तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। ज्ञापन में यह भी दावा किया गया है कि क्षेत्र में 8 से 10 लोगों का एक संगठित गिरोह सक्रिय है, जो इस प्रकार की घटनाओं में संलिप्त हो सकता है। समाजजनों ने इस पूरे नेटवर्क की जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
एसपी राजेश व्यास को मुख्यमंत्री के नाम सौंपे गए ज्ञापन में निष्पक्ष जांच और बिना किसी दबाव के कठोर कार्रवाई की मांग की गई है। फिलहाल मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है और पुलिस जांच जारी है।