चित्तौड़गढ़। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान को जनआंदोलन बताते हुए विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने कहा कि यह अभियान हमारी संस्कृति, आस्था और भविष्य को बचाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि “जल है तो कल है” केवल नारा नहीं बल्कि जीवन का सत्य है।
विधायक आक्या बुधवार को आर्य गुरुकुल गौशाला प्रांगण में पशुपालन एवं गौपालन विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण से आने वाली पीढ़ियों के लिए सुख, समृद्धि और शांति सुनिश्चित की जा सकती है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता उपखण्ड अधिकारी बीनू देवल ने की। उन्होंने जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने, जल स्त्रोतों की स्वच्छता, जल संचयन एवं वृक्षारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने वृक्षारोपण किया, पक्षियों के लिए परिंडे लगाए तथा गौमाता को हरा चारा खिलाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं आमजन उपस्थित रहे।