नीमच। थाना नीमच सिटी क्षेत्र अंतर्गत जैतपुरा बालाजी मंदिर के पास स्थित एक रेस्टोरेंट में नाश्ता करने के दौरान यात्रा कर रहे एक परिवार की 3 वर्षीय बालिका परिजनों से बिछड़ गई। सूचना राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को 27 मई 2026 की सुबह 8.29 बजे प्राप्त हुई।
सूचना मिलते ही नीमच सिटी थाना क्षेत्र में तैनात डायल-112 वाहन तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया। स्टाफ सहायक उपनिरीक्षक अशोक मोड एवं पायलट तरुण राठौर ने मौके पर पहुंचकर बालिका को सुरक्षित संरक्षण में लिया।
बालिका अपने परिजनों के बारे में कोई जानकारी नहीं दे पा रही थी। टीम द्वारा रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करने पर पता चला कि बच्ची अपने परिवार के साथ यात्रा कर रही थी और नाश्ते के दौरान रुकने पर परिजनों से बिछड़ गई थी।
इसके बाद डायल-112 टीम ने आसपास तलाश व पूछताछ की। कुछ समय बाद बच्ची के परिजन स्वयं रेस्टोरेंट पहुंच गए, जहां पहचान व सत्यापन के बाद बालिका को सुरक्षित उनके सुपुर्द कर दिया गया। डायल-112 जवानों ने परिजनों को भविष्य में अधिक सावधानी बरतने की समझाइश भी दी।