शाजापुर। आगामी ईद-उल-अजहा के त्योहार को देखते हुए शहर में शांति और सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी कड़ी में बुधवार को पुलिस अधीक्षक ने शहर की प्रमुख ईदगाह का दौरा किया और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा ललिया ईदगाह परिसर और नमाज के दौरान आने वाले रास्तों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस बल की तैनाती, ट्रैफिक व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कहा कि त्योहार को शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान शहरकाजी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने प्रशासन के साथ मिलकर नमाज के समय और व्यवस्थाओं पर चर्चा की। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे त्योहार के दौरान आपसी भाईचारा बनाए रखें और शासन द्वारा जारी गाइडलाइंस का पालन करें।
नमाज गुरुवार को ईदगाह पर अदा की जाएगी। नमाज को लेकर शहर के मुस्लिम समुदाय में खासा उत्साह है और मस्जिदों व ईदगाहों में साफ-सफाई व अन्य तैयारियां अंतिम चरण में हैं। रहमतुल्लाह शहरकाजी ने कहा कि ईदगाह पर कल 8 बजे नमाज अदा कर देश के अमन चौन की दुवा की जाएगी।