आगर मालवा। कलेक्टर प्रीति यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला रोगी कल्याण समिति की कार्यकारिणी बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला चिकित्सालय आगर-मालवा में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, साफ-सफाई व्यवस्था, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता तथा मरीजों को बेहतर उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विस्तार से चर्चा की गई।
कलेक्टर ने जिला चिकित्सालय की साफ-सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही उपकरणों के सुधार एवं रखरखाव कार्य समय पर पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।
भीषण गर्मी को देखते हुए मरीजों को समुचित उपचार एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। बैठक में कुण्डालिया डेम से सतत जल आपूर्ति तथा मरीजों व परिजनों के लिए ठंडे पेयजल की व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया गया।
कलेक्टर ने अस्पताल विकास कार्यों में भारत विकास परिषद सहित अन्य सामाजिक संगठनों के सहयोग की सराहना की और भविष्य में मरीजों के हित में आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने हेतु कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही आगामी सिंहस्थ को देखते हुए अस्पताल में 300 अतिरिक्त बेड की मांग शासन स्तर पर भेजे जाने पर चर्चा की गई।
उन्होंने महिला चिकित्सकों की कमी के संबंध में सीएमएचओ को समन्वय कर आवश्यक मानव संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। नगर पालिका सीएमओ को अस्पताल परिसर से कचरे के नियमित एवं समय पर उठाव सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर ने चिकित्सकों को मरीजों के प्रति संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार रखते हुए समय पर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वाेच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
बैठक के अंत में रोगी कल्याण समिति सदस्य पारस जैन ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।