नीमच। थाना रतनगढ़ क्षेत्र अंतर्गत आज दिनांक 27.05.2026 को प्रातः 10रू30 बजे सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम नीम का खेड़ा में एक 03 वर्षीय अबोध बालिका गांव के पास स्थित कुएं के समीप एक टापरी में अकेली बैठी हुई है।
सूचना मिलते ही डायल-112 वाहन पर तैनात आरक्षक 147 मनीष पाटीदार एवं पायलेट जिआउर्रहमान तत्काल मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर एक 03 वर्षीय बालिका मिली, जो बोलने में असमर्थ होने के कारण अपने परिजनों व निवास संबंधी जानकारी नहीं दे पा रही थी। पुलिस जवानों द्वारा बालिका को सुरक्षित रूप से थाना रतनगढ़ लाया गया।
थाने पर थाना प्रभारी निरीक्षक बी.एल. भाबर, महिला आरक्षक 607 अंतिम कुंवर, महिला आरक्षक 605 टीना कुवर एवं आरक्षक 474 तेजकरण जोशी द्वारा बालिका के परिजनों की तलाश हेतु आसपास के क्षेत्र एवं सोशल मीडिया ग्रुपों में सूचना प्रसारित की गई।
प्रयासों के परिणामस्वरूप बालिका के परिजन ग्राम देहपुर से थाना रतनगढ़ पहुंचे। आवश्यक सत्यापन के बाद बालिका को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस की तत्परता एवं समन्वित प्रयासों से बालिका को सुरक्षित उसके परिजनों से मिलाने में थाना प्रभारी निरीक्षक भूरालाल भाबर एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।