नीमच। सेवा, संवेदना और गौभक्ति का प्रेरणादायी उदाहरण उस समय देखने को मिला जब एक गौभक्त ने अपनी शादी की सालगिरह को खास बनाते हुए बीमार गौमाता की सेवा के लिए कूलर भेंट किया। यह भावपूर्ण सेवा कार्य शहर के पुराना चमड़ा कारखाना परिसर में स्थित गऊ नंदी सेवा धाम उपचार शाला में किया गया, जहां घायल, बीमार और विकलांग गौवंश का उपचार एवं पालन-पोषण किया जाता है।
भीषण गर्मी के बीच उपचार शाला में रह रहे गौवंश को राहत पहुंचाने के लिए शहर के अनेक गौभक्त लगातार सेवा कार्यों में जुटे हुए हैं। कोई हरी सब्जियां उपलब्ध कराकर सेवा कर रहा है तो कोई फल-फ्रूट और चारे की व्यवस्था कर पुण्य कार्य में सहभागी बन रहा है। इसी कड़ी में एक गौसेवक ने अपनी वैवाहिक वर्षगांठ पर गौमाता के लिए कूलर भेंट कर समाज में सेवा और संवेदनशीलता की मिसाल पेश की।
इस सहयोग से उपचार शाला में रह रहे बीमार और घायल गौवंश को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी। इस अवसर पर गौ सेवा समिति नीमच के पदाधिकारियों ने दानदाता सहित सभी गौभक्तों का आभार व्यक्त किया। समिति ने कहा कि समाज के सहयोग और जनभागीदारी से ही निराश्रित और घायल गौवंश की बेहतर देखभाल संभव हो पा रही है।
समिति ने शहरवासियों से भी अपील की है कि वे आगे आकर इस गौसेवा अभियान में सहभागी बनें, ताकि असहाय गौवंश को सुरक्षित और बेहतर जीवन मिल सके।