नीमच। सेवा और संस्कार के क्षेत्र में अग्रणी भारत विकास परिषद शाखा नीमच द्वारा स्वतंत्रता सेनानी वीर विनायक दामोदर सावरकर की जयंती 28 मई के अवसर पर श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर बघाना स्थित उनकी प्रतिमा स्थल, जिसे परिषद परिवार द्वारा ही स्थापित किया गया है, पर सदस्यों ने माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया तथा “वीर सावरकर अमर रहें” के जयघोष लगाए।
कार्यक्रम की शुरुआत में सभी सदस्यों ने वीर सावरकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके पश्चात आयोजित विचार गोष्ठी में मनोज माहेश्वरी ने उनके जीवन पर प्रकाश डालते हुए उन्हें महान क्रांतिकारी, स्वतंत्रता सेनानी एवं समाज सुधारक बताया। उन्होंने कहा कि सावरकर का जीवन देशभक्ति और संघर्ष का प्रेरणास्रोत है।
कार्यकारी अध्यक्ष जीतू शक्तावत ने स्वागत उद्बोधन दिया, जबकि संस्थापक अध्यक्ष अशोक अग्रवाल (एलआईसी) ने सावरकर के जीवन संघर्षों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उन्होंने ब्रिटिश शासन के विरोध में “काला पानी” की कठोर सजा को भी सहन किया।
कार्यक्रम का संचालन मनोज माहेश्वरी ने किया तथा आभार प्रदर्शन कोषाध्यक्ष संदीप दरक ने माना। इस अवसर पर परिषद के अनेक सदस्य उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाया।