नीमच। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत संचालित मेरा युवा भारत (MY Bharat) नीमच द्वारा जिला युवा अधिकारी सौरभ श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में भारत विकास परिषद, नीमच के सहयोग से विभिन्न प्रेरणादायी एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक उत्तरदायित्व, पर्यावरण संरक्षण एवं खेल भावना को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम के तहत स्वतंत्रता वीर विनायक दामोदर सावरकर की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर भारत विकास परिषद के कार्यकारी अध्यक्ष जितेंद्र शक्तावत, कोषाध्यक्ष संदीप धाकड़, संस्थापक अध्यक्ष अशोक अग्रवाल, मीडिया प्रभारी मनोज माहेश्वरी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। वक्ताओं ने सावरकर के संघर्षपूर्ण जीवन, राष्ट्रसेवा एवं देशभक्ति से प्रेरित विचारों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।
इसके बाद मेरा युवा भारत नीमच द्वारा स्वच्छता अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई की गई तथा युवाओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से पौधारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम श्रृंखला के अंतर्गत युवाओं में खेल भावना, अनुशासन एवं टीम वर्क विकसित करने के उद्देश्य से वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। प्रतियोगिता में स्थानीय युवाओं एवं खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर नीमच फिजिकल अकादमी के कोच एवं फौजी निर्भय सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों को स्वस्थ जीवन एवं व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
प्रतियोगिता में विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को मेरा युवा भारत नीमच की ओर से सम्मानित किया गया। कार्यक्रमों के सफल आयोजन में स्थानीय युवाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं का विशेष सहयोग रहा।