चित्तौड़गढ़। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत बस्सी थाना पुलिस ने तीन वर्ष से फरार चल रहे एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह यादव ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस, उदयपुर रेंज के निर्देशानुसार मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा के निर्देशन एवं पुलिस उपाधीक्षक दिनेश सुखवाल के पर्यवेक्षण में थानाधिकारी चम्पाराम के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए वर्ष 2023 के 60 किलो डोडाचूरा बरामदगी प्रकरण में वांछित आरोपी राकेश पुत्र घासीलाल जाट निवासी खारिया बड़ा, थाना सालासर, जिला चूरू को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए तकनीकी साक्ष्यों एवं गोपनीय सूचनाओं के आधार पर लगातार प्रयास किए जा रहे थे। अंततः पुलिस टीम ने उसे दबोचने में सफलता हासिल की। कार्रवाई में कांस्टेबल तेजपाल, महावीर एवं तेजपाल सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी अथवा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल निकटतम पुलिस थाना, कंट्रोल रूम या नारकोटिक्स हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर सूचना दें।