नीमच। जिले में प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी एवं सुचारु बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने डिप्टी कलेक्टरों एवं अनुविभागीय अधिकारियों के नवीन कार्य विभाजन आदेश जारी किए हैं। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार पराग जैन को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं एसडीएम नीमच का दायित्व सौंपा गया है। वे एसडीएम एवं दंडाधिकारी नीमच के कार्यों के साथ नजूल प्रकरणों, जिला सत्कार अधिकारी, कृषि उपज मंडी के भारसाधक अधिकारी, जिला योजना एवं सांख्यिकी विभाग, जिला खनिज प्रतिष्ठान (डीएमएफ) तथा कलेक्टर द्वारा समय-समय पर सौंपे जाने वाले अन्य कार्यों का भी दायित्व संभालेंगे।
वहीं संजीव साहू को पूर्व में पराग जैन के पास रहे समस्त दायित्व, कार्यालयीन शाखाओं का प्रभार, जनगणना कार्य एवं अन्य प्रशासनिक जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इसके अलावा चन्द्रसिंह धार्वे को जिला शहरी विकास अभिकरण (डूडा) का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। कलेक्टर द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि शेष सभी कार्य विभाजन पूर्ववत यथावत रहेंगे।
प्रशासनिक हलकों में इस पुनर्विभाजन को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अधिकारियों के बीच दायित्वों के पुनर्गठन से राजस्व एवं प्रशासनिक कार्यों के संचालन में और अधिक दक्षता आने की उम्मीद जताई जा रही है।