सोनकच्छ। नगर परिषद अध्यक्ष श्रुति कृष्णपाल सिंह बघेल की पहल पर पीपलेश्वर घाट से कालीसिंध नदी के गहरीकरण कार्य की शुरुआत हो गई है। वर्षों से जमी गाद के कारण नदी की गहराई और जल ग्रहण क्षमता लगातार घट रही थी, जिसे देखते हुए मानसून से पहले यह अभियान शुरू किया गया।
फंड की कमी के बावजूद जनसहयोग से कार्य को गति दी गई है। अध्यक्ष ने बताया कि पिछले साल समय से पहले पानी आने के कारण गहरीकरण नहीं हो सका था, लेकिन इस बार नदी सूखने पर कार्य शुरू किया गया है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, समाजसेवी संस्थाओं और नागरिकों से आर्थिक सहयोग की अपील की है।
इस पहल का असर भी देखने को मिला, जहां किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर घाट पर पहुंचे और नदी से निकलने वाली उपजाऊ मिट्टी अपने खेतों के लिए ले जाने लगे। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि इस प्रयास से मानसून में नदी की जल क्षमता बढ़ेगी।