नीमच। जिला चिकित्सालय नीमच द्वारा शनिवार को रेडक्रॉस सभागार में राष्ट्रीय वृद्धजन स्वास्थ्य देखभाल कार्यक्रम के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 60 वर्ष से अधिक आयु के वृद्धजनों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार की विशेष व्यवस्था की गई।
शिविर में ब्लड प्रेशर, शुगर सहित वृद्धावस्था से संबंधित विभिन्न बीमारियों की जांच की गई। साथ ही हड्डी रोग, नेत्र रोग एवं अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया। मरीजों को जरूरत के अनुसार निःशुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
जिला चिकित्सालय एवं मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिकों ने भाग लिया। एक ही स्थान पर विभिन्न विशेषज्ञों की सेवाएं उपलब्ध होने से वृद्धजनों को काफी सुविधा मिली।
नोडल अधिकारी डॉ. मनीष यादव ने बताया कि शिविर का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा उम्र से संबंधित बीमारियों की समय पर पहचान और उपचार सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि शिविर में आने वाले सभी पात्र वृद्धजनों की निःशुल्क जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय वृद्धजन स्वास्थ्य देखभाल कार्यक्रम के तहत ऐसे शिविरों का आयोजन वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य संरक्षण और बेहतर जीवन गुणवत्ता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।