अशोकनगर। जिले में शुक्रवार रात तेज आंधी-तूफान ने जमकर कहर बरपाया। पिपरई में पेट्रोल पंप के पास आंधी से बचने के लिए सड़क किनारे खड़ा एक ऑटो अचानक पलट गया। हादसे में ऑटो सवार एक ही परिवार के 8 लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 11 बजे एक परिवार पिपरई के मीना बाजार से अपने गांव मूड़रा कला लौट रहा था। ऑटो में कुल 11 लोग सवार थे। पिपरई से निकलते ही तेज आंधी शुरू हो गई, जिससे बचने के लिए चालक ने ऑटो सड़क किनारे रोक दिया, लेकिन तेज हवा के झोंके से ऑटो पलट गया।
इस हादसे में 2 बच्चों समेत 8 लोग घायल हुए हैं। घायलों में 11 वर्षीय गौरव और 9 वर्षीय रितेश के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। इसके अलावा 26 वर्षीय रचना, 60 वर्षीय अलफो, 50 वर्षीय रामकली, 25 वर्षीय मनीषा, ऑटो चालक राजपाल और 29 वर्षीय भरत शामिल हैं। सभी घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।
त्रिलोकपुरी में आंधी से बड़ा हादसा, खाट समेत छत से गिरा बुजुर्ग
शहर की त्रिलोकपुरी कॉलोनी में भी तेज आंधी ने नुकसान पहुंचाया। यहां 55 वर्षीय रमेश शुक्रवार रात करीब 10ः30 बजे छत पर सो रहे थे, तभी तेज हवा के झोंके से उनकी खाट पलट गई और वे खाट समेत सीधे नीचे गिर पड़े।
परिजन तुरंत उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि रमेश के सिर में गंभीर चोट आई है।
बहादुरपुर क्षेत्र में भी तबाही
बहादुरपुर तहसील के ग्राम गोरा में भी तेज आंधी ने जमकर नुकसान पहुंचाया। कई घरों के छप्पर उड़ गए और ग्रामीणों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ा।