जावरा। भूतेड़ा से महू-नीमच हाईवे तक प्रस्तावित ग्रीनफील्ड रोड के कैंसिल एलाइनमेंट को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे किसानों और व्यापारियों को ही शांति भंग का नोटिस थमा दिया गया है। यह नोटिस जिला न्यायालय और कलेक्टर के स्पष्ट आदेश के बावजूद जारी किया गया।
किसानों का कहना है कि कोर्ट ने टेकरी से जोयो तिराहे तक का एलाइनमेंट निरस्त कर दिया था और कलेक्टर ने किसानों को इसकी प्रमाणित प्रतिलिपि सौंपी थी, फिर भी एमपीआरडीसी, एस.डी.एम और उप पंजीयक ने निरस्त एलाइनमेंट पर कार्यवाही जारी रखी। प्रभावित किसान-व्यापारी जन संघर्ष समिति ने सीएसपी जावरा को ज्ञापन सौंपकर सभी नोटिस की कार्रवाई तुरंत निरस्त करने, बंधक भूमि मुक्त करने और प्रशासनिक प्रताड़ना बंद करने की मांग की। समिति ने चेतावनी दी कि अगर नोटिस वापस नहीं लिया गया और बंधक भूमि मुक्त नहीं की गई, तो सोमवार, 1 जून 2026 को सभी प्रभावित किसान एस.डी.एम कार्यालय में न्यायिक तरीके से विरोध करेंगे।
समिति ने जोर देकर कहा कि वे कानून मानने वाले लोग हैं, लेकिन अन्याय के खिलाफ आवाज उठाना उनका संवैधानिक अधिकार है। ज्ञापन सौंपने वाले सदस्यों में सुनील पोखरना, मनोज मेहता, मुकेश धाकड़, एडवोकेट उबेद अंसारी, राजेश चोरड़िया और सैकड़ों अन्य किसान-व्यापारी शामिल थे।