शाजापुर। जिले के ग्राम बडौदी निवासी किसान बाबूलाल पिता हरिचरण ने अपनी भूमि पर हुए अवैध कब्जे को लेकर राजस्व अधिकारियों पर साठगांठ के आरोप लगाए हैं। उन्हें 29 मई 2026 को अपनी जमीन का कब्जा दिलाया जाना था, लेकिन यह कार्रवाई टल गई।
बाबूलाल के अनुसार, मोहन बड़ोदिया तहसील के नायब तहसीलदार न्यायालय ने 26 फरवरी 2026 को उनकी जमीन से अवैध कब्जा हटाने का आदेश पारित किया था। इस आदेश के तहत 29 मई 2026 को अवैध कब्जा हटाकर भूमि का कब्जा उन्हें सौंपा जाना था। किसान को इस दिन दोपहर 3 बजे मौके पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए थे।
किसान बाबूलाल निर्धारित समय पर मौके पर पहुंचे, लेकिन कब्जा दिलाने की कार्रवाई पूरी नहीं हो सकी। बाबूलाल का आरोप है कि उनका यह प्रकरण वर्ष 2022 से चल रहा है। चार साल बाद कब्जा दिलाने का आदेश होने के बावजूद राजस्व विभाग समय पर कार्रवाई नहीं कर रहा है।
सीएम के दौरे के बाद दिलाएंगे कब्जा
इस मामले पर तहसीलदार दिव्या जैन ने बताया कि 29 मई को कब्जा दिलाने की कार्रवाई शुरू की गई थी। हालांकि, मुख्यमंत्री के आगमन संबंधी प्रशासनिक व्यस्तताओं के कारण यह प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई।
उन्होंने आश्वासन दिया कि अब मंगलवार को किसान को भूमि का कब्जा दिलाने की कार्रवाई की जाएगी। साठगांठ के आरोपों पर तहसीलदार ने कहा कि यदि आवेदक द्वारा तहसील में लिखित आवेदन दिया जाता है, तो मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।