दतिया। आज़ाद समाज पार्टी (एएसपी) के नेता दामोदर सिंह यादव ने पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को शासकीय कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि बनाए जाने पर आपत्ति जताई है। इस मुद्दे को लेकर उन्होंने प्रेस वार्ता में गंभीर सवाल उठाते हुए प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी टिप्पणी की।
दामोदर सिंह यादव ने कहा कि डॉ. नरोत्तम मिश्रा वर्तमान में किसी भी निर्वाचित जनप्रतिनिधि पद पर नहीं हैं, इसके बावजूद उन्हें लगातार विभिन्न शासकीय कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि बनाकर उद्घाटन एवं शिलान्यास कराया जा रहा है। उन्होंने इसे नियमों और परंपराओं के विपरीत बताया।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में उन्होंने जिला कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े को पत्र लिखकर औपचारिक आपत्ति दर्ज कराई है। यादव ने कहा कि वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में हार के बाद दतिया की जनता ने डॉ. मिश्रा को जनादेश नहीं दिया, ऐसे में शासकीय मंचों पर उनकी लगातार मौजूदगी कई सवाल खड़े करती है।
एएसपी नेता ने यह भी कहा कि जिले में वर्तमान सांसद, जिला पंचायत अध्यक्ष सहित अन्य निर्वाचित जनप्रतिनिधि मौजूद हैं, इसके बावजूद पूर्व मंत्री को प्राथमिकता देना उचित नहीं है। उनका आरोप है कि इससे प्रतीत होता है कि जिला प्रशासन पर राजनीतिक दबाव में काम करने का प्रभाव पड़ रहा है।
उन्होंने मांग की कि शासकीय कार्यक्रमों में प्रोटोकॉल के अनुसार केवल वर्तमान जनप्रतिनिधियों को ही प्राथमिकता दी जाए, ताकि प्रशासनिक निष्पक्षता बनी रहे।