टीकमगढ़। जिले के बम्हौरी कला थाना क्षेत्र के कुड़ियाला गांव में शनिवार को ग्रामीणों ने अवैध शराब बिक्री के विरोध में जतारा-पलेरा रोड पर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारी महिलाएं सड़क पर धरने पर बैठ गईं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव में लंबे समय से अवैध शराब बेची जा रही है, जिससे सामाजिक माहौल खराब हो रहा है। उन्होंने बम्हौरी कला थाना प्रभारी नीतू खटीक पर भी शराब ठेकेदार से मिलीभगत का आरोप लगाया।
प्रदर्शनकारी महिलाओं ने बताया कि गांव में खुलेआम अवैध शराब बिक रही है, जिससे सामाजिक वातावरण दूषित हो रहा है और युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उनका आरोप है कि कई बार शिकायतें करने के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, जिसके चलते नाराज ग्रामीणों ने सड़क जाम कर शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
सूचना मिलने पर बम्हौरी कला पुलिस मौके पर पहुंची और महिलाओं को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, लगातार समझाइश के बावजूद महिलाएं जाम हटाने को तैयार नहीं हुईं। वे अवैध शराब के कारोबार पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की अपनी मांग पर अड़ी रहीं।
जाम के कारण जतारा-पलेरा मार्ग पर आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। लगभग दो घंटे तक मार्ग बाधित रहने से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था चरमरा गई और लोगों को वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ा।
ग्रामीण सुजान सिंह राजपूत ने आरोप लगाया कि थाना प्रभारी नीतू खटीक ने शराब ठेकेदार बबलू राय को खुली छूट दे रखी है, जिसके कारण गांव में अवैध शराब धड़ल्ले से बेची जा रही है। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि अवैध शराब की बिक्री पर शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। जाम के दौरान थाना प्रभारी मौके पर नहीं पहुंचीं।