खरगोन। मासिक धर्म स्वच्छता दिवस के अवसर पर खुशहाली सेवा संस्थान द्वारा आशादीप पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस, बिस्टान रोड खरगोन में जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं किशोरियों को मासिक धर्म से जुड़ी भ्रांतियों, झिझक और मिथकों से मुक्त कर स्वच्छता व स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी देना था।
कार्यक्रम में आशीर्वाद जैन, सोहिल जैन एवं अन्य वक्ताओं ने मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता, संतुलित पोषण, एनीमिया से बचाव तथा संक्रमण रोकथाम के उपायों की जानकारी दी। संस्थापक डॉ. श्वेता चौधरी ने बताया कि मासिक धर्म एक प्राकृतिक प्रक्रिया है, जिसे लेकर समाज में सकारात्मक सोच और जागरूकता विकसित करना आवश्यक है।
कार्यक्रम का संचालन शालिनी गांवशिंदे ने किया तथा रमाकांत पटेल के मार्गदर्शन में परिचर्चा आयोजित हुई। अंत में प्रोफेसर भाग्यश्री पाठक, संदीप रावल एवं अंशुल भालसे ने सभी अतिथियों और सहभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यशाला में बड़ी संख्या में महिलाओं एवं किशोरियों ने भाग लिया।