नीमच। मोहर्रम के पवित्र अवसर पर नीमच जिले में सामाजिक सद्भाव और गंगा-जमुनी तहज़ीब की एक अनूठी मिसाल देखने को मिली। राष्ट्रीय मानव अधिकार मंच के जिला अध्यक्ष भूरा कुरैशी की पहल पर मुस्लिम समाज के कई युवाओं ने ऐसी बनियान पहनकर सहभागिता की, जिस पर बड़े अक्षरों में लिखा था ष्गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिया जाए।ष्
इस पहल ने शहर ही नहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया। बनियान पर अंकित संदेश को कई लोगों ने सामाजिक समरसता, आपसी सम्मान और भाईचारे का प्रतीक बताया।
भूरा कुरैशी ने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति और करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र हैं। समाज में गौ संरक्षण और गौ सम्मान की भावना को देखते हुए उन्होंने सरकार से गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा देने पर विचार करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न करना नहीं, बल्कि विभिन्न समुदायों के बीच पारस्परिक सम्मान, सामाजिक सौहार्द और राष्ट्रीय एकता का संदेश देना है।
मोहर्रम जैसे पवित्र अवसर पर सामने आई इस पहल की जिलेभर में चर्चा रही। स्थानीय लोगों ने इसे सामाजिक सद्भाव, आपसी भाईचारे और गंगा-जमुनी संस्कृति को मजबूत करने वाला सकारात्मक प्रयास बताया।