निंबाहेड़ा। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार को नगर के राजीव नगर कच्ची बस्ती स्थित बूथ क्रमांक 18-बी (आंगनवाड़ी केन्द्र द्वितीय) पर जन्म से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाई गई। अभियान के दौरान क्षेत्र की माताओं एवं अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक अपने नौनिहालों को पोलियो बूथ पर पहुंचाकर राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान में सहभागिता निभाई।
स्वास्थ्य एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त प्रयास से आयोजित अभियान में बच्चों को दो बूंद जिंदगी की पिलाकर पोलियो जैसी गंभीर एवं स्थायी विकलांगता उत्पन्न करने वाली बीमारी से बचाव का संदेश दिया गया। इस दौरान अभिभावकों को नियमित टीकाकरण, बाल स्वास्थ्य एवं संक्रामक रोगों की रोकथाम के प्रति भी जागरूक किया गया।
अभियान में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता जुलेखा, आशा सहयोगिनी सीमा मेघवाल, सहायिका गुनगुन खान तथा नर्सिंग स्टाफ के दिनेश सैनी एवं पीयूष कुमार शुक्ला ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान की।
स्वास्थ्यकर्मियों ने बताया कि पोलियो से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय प्रत्येक पल्स पोलियो अभियान में पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को समय पर पोलियो की खुराक पिलाना है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि कोई भी बच्चा इस सुरक्षा कवच से वंचित न रहे तथा सभी अभिभावक प्रत्येक अभियान में अपने बच्चों को पोलियो बूथ तक अवश्य लेकर आएं।
उन्होंने कहा कि जनभागीदारी और जागरूकता के माध्यम से ही पोलियो मुक्त भारत के लक्ष्य को स्थायी रूप से साकार किया जा सकता है।