नीमच। कई दिनों के लंबे इंतजार के बाद रविवार को मानसून ने नीमच जिले में जोरदार दस्तक दी। दिनभर की भीषण उमस और गर्मी के बाद दोपहर करीब 3.15 बजे मौसम ने अचानक करवट ली और काले घने बादलों के बीच शुरू हुई झमाझम बारिश ने पूरे शहर का मौसम खुशनुमा बना दिया। बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिली, वहीं किसानों के चेहरों पर भी खुशी लौट आई।
बारिश शुरू होते ही शहर की प्रमुख सड़कें पानी से लबालब हो गईं। बाजारों में लोगों ने बारिश का आनंद लिया, जबकि कई स्थानों पर जलभराव के कारण वाहन चालकों को धीमी गति से गुजरना पड़ा। बच्चों ने बारिश में भीगकर मौसम का भरपूर आनंद लिया।
किसानों के लिए यह बारिश खरीफ सीजन की दृष्टि से बेहद लाभदायक मानी जा रही है। खेतों में पर्याप्त नमी आने से सोयाबीन, मक्का सहित अन्य खरीफ फसलों की बुवाई में तेजी आने की उम्मीद है। हालांकि शहर के कुछ निचले क्षेत्रों में जलभराव से लोगों को असुविधा का सामना भी करना पड़ा।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में भी जिले में वर्षा का दौर जारी रहने की संभावना है। विभाग ने नागरिकों से बिजली गिरने, तेज हवाओं तथा जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
नीमच जिले की औसत वार्षिक वर्षा 32.5 इंच है। चालू वर्षाकाल में अब तक जिले में औसतन 4.5 इंच वर्षा दर्ज की गई है। विकासखंडवार आंकड़ों के अनुसार नीमच में 4.7 इंच, जावद में 3.3 इंच तथा मनासा में 4.4 इंच वर्षा रिकॉर्ड की गई है। वहीं, गत वर्ष इसी अवधि तक जिले में औसतन 8.8 इंच वर्षा दर्ज हुई थी। इस प्रकार पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष अब तक 4.3 इंच कम वर्षा हुई है।