नीमच। जिला मुख्यालय के समीप स्थित रेवली देवली गांव के प्रसिद्ध मां महिषासुर मर्दिनी मंदिर में रविवार को आस्था का अनूठा नजारा देखने को मिला। मनोकामना पूर्ण होने पर भक्त मनीष नागदा (बबलू) ने करीब एक किलोमीटर लंबी लोटन यात्रा मात्र 20 मिनट में पूरी कर माता के दरबार में हाजिरी लगाई।
यात्रा के दौरान रेवली देवली मां जगदंबे जनकल्याण समिति के सदस्य, गांव के श्रद्धालु, महिलाएं एवं युवा बड़ी संख्या में शामिल हुए। माता के जयकारों और डीजे की धुन पर भक्ति गीतों के बीच श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ यात्रा में शामिल रहे।
लोटन यात्रा सकुशल पूर्ण होने के बाद श्रद्धालुओं ने मंगल गीत गाए और माता का आशीर्वाद लिया। इसके पश्चात पटेल परिवार की ओर से सभी भक्तों के लिए भोजन-प्रसादी का आयोजन किया गया। मंदिर में पूरे दिन श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा।