कुकड़ेश्वर। रविवार दोपहर करीब 3.30 बजे कुकड़ेश्वर नगर और आसपास के क्षेत्र में मौसम ने अचानक करवट ली। तेज गरज-चमक के साथ हुई मूसलाधार बारिश ने भीषण गर्मी और उमस से लोगों को राहत दिलाई। जून माह की पहली जोरदार बारिश से पूरे क्षेत्र में खुशियों का माहौल नजर आया।
बारिश से खेतों में पर्याप्त नमी आने के बाद किसानों के चेहरे खिल उठे। लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों का कहना है कि अब खरीफ फसलों की बुवाई में तेजी आएगी। यदि आगामी दिनों में भी अच्छी वर्षा होती रही तो इस वर्ष बेहतर उत्पादन की उम्मीद है।
बारिश के दौरान नगर की सड़कों पर पानी बहने लगा और मौसम पूरी तरह सुहावना हो गया। बच्चों और युवाओं ने भी पहली मूसलाधार बारिश का जमकर आनंद लिया।
क्षेत्र के किसानों ने इस बारिश को खरीफ सीजन के लिए शुभ संकेत बताते हुए अच्छी फसल की उम्मीद जताई है।