भोपाल/रतनगढ़। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी सफाई कामगार प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष एडवोकेट जयराम सिंह चौहान के नेतृत्व में भोपाल स्थित मुख्यमंत्री निवास का घेराव कर सफाई कर्मचारियों की लंबित मांगों, अधिकारों तथा कथित अन्याय और शोषण के विरोध में प्रदर्शन किया गया। आंदोलन में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी एवं पदाधिकारी शामिल हुए।
प्रदर्शन में प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव कमल छपरीबंद ने नीमच जिले से पहुंचे सफाई कर्मचारियों के साथ सहभागिता करते हुए उनकी समस्याओं और मांगों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने सरकार से सफाई कर्मचारियों की लंबित मांगों का शीघ्र समाधान करने की मांग की।
कमल छपरीबंद ने कहा कि सफाई कर्मचारी समाज की रीढ़ हैं और वे प्रतिदिन आमजन की सेवा में जुटे रहते हैं, लेकिन आज भी उन्हें अपने अधिकारों और सम्मान के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों के साथ हो रहे कथित अन्याय और शोषण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा उनकी जायज मांगों को पूरा कराने के लिए आंदोलन जारी रहेगा।
उन्होंने प्रदेश सरकार से सफाई कर्मचारियों की लंबित मांगों का तत्काल निराकरण, सम्मानजनक कार्य परिस्थितियां, रोजगार सुरक्षा, ठेका प्रथा समाप्त करने तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने की मांग की।
मुख्यमंत्री निवास घेराव के दौरान प्रदेशभर से आए सफाई कर्मचारियों ने एकजुट होकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। कमल छपरीबंद ने कहा कि यदि शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।