नीमच। दिगंबर जैन सोशल ग्रुप फेडरेशन के संस्थापक अध्यक्ष जैन रत्न स्व. प्रदीप कासलीवाल की षष्ठम पुण्यतिथि के अवसर पर शिक्षक दिवस पर देशभर में एक शिक्षक एवं एक शिष्य के सम्मान का विशेष आयोजन किया गया। इसी कड़ी में दिगंबर जैन सोशल जीनागम ग्रुप नीमच द्वारा समाज का नाम गौरवान्वित करने वाली प्रतिभाओं का सम्मान किया गया।
जीनागम ग्रुप के अध्यक्ष मनोज विनायका एवं सचिव अमन विनायका ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य शिक्षा, खेल एवं सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर समाज का गौरव बढ़ाने वाली प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना है।
इस अवसर पर शारदा दीपक पाटनी को शिक्षक के रूप में सम्मानित किया गया। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में अपनी सेवाओं के साथ नीमच नगरपालिका क्षेत्र से पार्षद पद का चुनाव जीतकर सामाजिक क्षेत्र में भी सक्रियता एवं नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया।
वहीं शिष्य के रूप में दर्श दिलीप विनायका का सम्मान किया गया। दर्श ने पढ़ाई के साथ क्रिकेट के क्षेत्र में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-14 मध्यप्रदेश क्रिकेट टीम में चयनित होकर जीनागम परिवार एवं समाज का गौरव बढ़ाया।
दोनों प्रतिभाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान करने के साथ साफा एवं दुपट्टा पहनाकर जीनागम ग्रुप के सदस्यों ने सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धा रवि अजमेरा एवं नेहा मयंक कासलीवाल को भी शिक्षक के रूप में सम्मानित किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि समाज की प्रतिभाओं का सम्मान उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करता है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को शिक्षा, खेल और सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।