नीमच। मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस द्वितीय वर्ष के छात्र के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। छात्र हर्ष गुप्ता ने मंडी इंस्पेक्टर नीलेश चौहान सहित दो व्यक्तियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
छात्र के अनुसार, पूरा विवाद रात में बाइक और कार की टक्कर के बाद शुरू हुआ। हर्ष गुप्ता का आरोप है कि विवाद के दौरान उसके साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की गई। इस दौरान उसे जान से मारने और कार से कुचलने की धमकी भी दी गई।
छात्र का आरोप है कि अगले दिन मेडिकल कॉलेज के गेट पर दो अज्ञात लोगों ने उसके साथ मारपीट की। इस दौरान कुल्हाड़ी से हमला किए जाने की बात भी सामने आई है, जिसमें छात्र को चोटें आईं।
घटना के बाद छात्र हर्ष गुप्ता ने कैंट थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। वहीं, मेडिकल कॉलेज के अन्य छात्र भी मामले को लेकर सामने आए हैं। छात्रों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने और मेडिकल कॉलेज परिसर में विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।