मनोहरथाना। पंचायत समिति के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जतावा में पिछले 2, 3 वर्षों पूर्व विद्यालय की चार दीवारी मय डांड बरसात में नाले के तेज बहाव के कारण क्षतिग्रस्त हो गई थी। जो अभी तक जैसी की तैसी पड़ी हुई है। पिछले वर्ष नाले के बहाव में और भी आगे तक जगह कट गई जिसके कारण नाले की चौड़ाई बढ़कर विद्यालय भवन व शौचालय तक पहुंच गई। जो आने वाली बरसात में भवन व विद्यालय परिसर के क्षतिग्रस्त होने का कारण बनेगी। विद्यालय में सुरक्षा दीवार नहीं होने के कारण चंदन के वृक्षों की चोरी हो चुकी हैं, जिसकी रिपोर्ट जावर थाने में दर्ज है पर चोर आज भी पुलिस की पहुंच से बाहर है।
विद्यालय परिसर की ओर से कई बार प्रशासन व जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया परंतु 2, 3 साल बाद भी मामला जस का तस पड़ा है। अब इंतजार बरसात का हो रहा है जब भवन गिरेगा कोई अनहोनी होगी शायद तब प्रशासन की आंखे खुलेगी। राजाराम पूर्व सरपंच व नंदकिशोर लोधा ने बताया की ये सुरक्षा दीवार 2 बार गिर चुकी हैं परंतु अभी तक स्थाई और मजबूत समाधान नहीं हो पाया। ग्रामीणों द्वारा कई बार प्रशासन व जनप्रतिनिधियों को अवगत भी करवाया परंतु प्रशासन व सरकार कान और आंख बंद करके बैठा है जो शायद किसी बड़े हादसे को निमंत्रण जैसा है।