नीमच। शहर में मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस 4 मार्च को लाइनमैन दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर गोमाबाई रोड स्थित विद्युत विभाग के कार्यालय पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। सहायक यंत्री ने कहा कि विद्युत विभाग के लाइनमैन द्वारा 24 घंटे निरंतर विद्युत सप्लाई करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया जाता है। ऐसे में लाइन पर कार्य करते समय लाइनमैन सुरक्षा से जुड़े आवश्यक उपकरणों के साथ विद्युत संबंधित कार्यों को अंजाम दे। जैसे हैंड ग्लोब्स, प्लायर, झूले, टेस्टर, सीढ़ी, सेफ्टी बेल्ट, डिस्चार्ज राड, हेलमेट आदि साथ रखकर कार्य करें। ताकि कोई विद्युत दुर्घटना घटित ना हो।
इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले लाइनमैन संजय नागदा, विनोद राठौड़, प्यारचंद, हरिकिशन, दिनेश शर्मा, प्रवीण पाटीदार, विनोद उपाध्याय, विनोद मालवीय और परमानंद अकोदिया का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लाइनमैन को सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। लाइनमैन दिवस पर सहायक यंत्री शशांक कक्कड़, रोशन अग्रवाल, ओंकारनाथ प्रसाद, श्रीकांत मालवीय, धनराज चौधरी और महिप सोनी बतौर अतिथि मंचासीन रहे। कार्यक्रम का प्रारंभ मां सरस्वती के माल्यार्पण पर दीप प्रज्वलन के साथ हुआ तत्पश्चात अतिथियों का स्वागत किया गया। कार्यक्रम का संचालन ज़ाहिद हुसैन ने किया।