सेगांव। प्रतिवर्ष अनुसार दशोरा नागर समाज अपने आराध्य देव भगवान हाटकेश्वर महादेव की प्राकट्य उत्सव बड़ी ही धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ मनाता आया है। सुबह से भगवान की पार्थिव शिवलिंग का निर्माण कर पूजन अभिषेक लोनारा रोड स्थित समाज की धर्मशाला में किया गया।
समाज के मीडिया प्रभारी व पत्रकार जय गुप्ता ने बताया कि भगवान हाटकेश्वर की भव्य शोभायात्रा में समाज के पुरुष श्वेत वस्त्र व महिलाएं केसरिया भगवा रंग की साड़ियां पहनकर सर पर साफे बाँधे शामिल हुए। शोभायात्रा में युवाओं के हाथ में भगवा पताका लेकर भगवान के जयघोष लगाए चल रहे थे। शोभायात्रा लोनारा रोड स्थित दशोरा नागर धर्मशाला से भगवान को विधुत लड़ियों से सुसज्जित बग्गी पर बैठाकर डीजे के साथ प्रारंभ हुई। इस बीच अलग अलग जगहो पर स्वल्पाहार व ठंडाई पिलाकर शोभायात्रा का स्वागत किया गया। यात्रा मुख्य मार्गो से होते हुए पुनः दशोरा धर्मशाला पहुँची।
जिसके बाद धर्मशाला में महाआरती कर समाज बंधुओं ने एक साथ भोजन ग्रहण किया। यात्रा में दशोरा नागर मंडल इकाई सेगांव, दशोरा नागर युवा संगठन, दशोरा नागर महिला मंडल सहित बड़ी संख्या में आसपास के गांवों से समाजजन शोभायात्रा में शामिल हुए।