नीमच। श्री हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर बगीचे वाले बालाजी पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। यहां भव्य स्तर पर धूमधाम के साथ हनुमान भक्तों द्वारा हनुमान जन्मोत्सव मनाया गया। आज सुबह 9 बजे बगीचे वाले बालाजी मंदिर से चल समारोह निकला।जो कि सांवलिया सेठ मंदिर पहुंचा। यहां से शिखर कलश लेकर हनुमान भक्त महिला पुरुष भक्ति गीतों पर झूमते गाते पुनः बगीचे वाले बालाजी पर पहुंचे। कलश यात्रा में कलश, हनुमान जी का गदा और ध्वज लेकर श्रद्धालु बग्गी में सवार होकर डीजे की धुन पर चल रहे थे। विद्वान पंडित द्वारा विधिवत मंत्रोच्चार और पूजन के साथ कलश स्थापित किया गया और ध्वजा चढ़ाई गई। शाम को महा आरती का कार्यक्रम होगा। बगीचे वाले बालाजी पर आयोजित कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष पवन पाटीदार और नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर पंडित विजेंद्र बैरागी, गौतम बैरागी, पंडित मनीष जोशी, राकेश बैरागी, चंचल दास बैरागी, रवि, हिमांशु, श्याम, विशाल, अनिल शर्मा और बड़ी संख्या में भक्तजन उपस्थित रहे।