नीमच। चौरसिया समाज नीमच में समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष गौरव चौरसिया का आगमन हुआ। चौरसिया समाज की मीड़िया मैनेजमेंट प्रभारी डॉ. माधुरी चौरसिया ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि चौरसिया समाज के नवनिर्वाचित अध्यक्ष गौरव चौरसिया नीमच प्रवास के दौरान समाज की बैठक में शामिल हुए। बैठक में चुनाव संचालक महेश कानड़ी (उज्जैन) एवं समाजसेवी एडव्होकेट उमेश चौरसिया विशेष रूप से उपस्थित थे।
बैठक का प्रारम्भ अतिथि गणों द्वारा नागदेवता की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। अतिथियों का स्वागत अध्यक्ष मनोहर चौरसिया, उपाध्यक्ष निलेश चौरसिया, समाजसेवी अनिल चौरसिया, अनूप चौरसिया, महिला मण्डल अध्यक्ष मीना चौरसिया एवं सचिव सुषमा चौरसिया द्वारा किया गया।
समाजसेवी अनिल चौरसिया ने स्वागत उद्बोधन में कहा भारत में दो करोड़ से अधिक चौरसिया तम्बोली समाज के लोग निवास करते हैं लेकिन संगठित न होने के कारण राजनीति में समाज के अस्तित्व को नकारा जाता है।
डॉ. माधुरी चौरसिया ने समाज में महिलाओं एवं बालकों की शिक्षा पर जोर दिया और कहा कि शिक्षा विकास की कुंजी है।
समाजसेवी उमेश चौरसिया ने समाज की बढ़ती गतिविधियों पर संतोष व्यक्त किया। समाजसेवी महेश कानड़ी ने सभी को समाज की जनगणना में भाग लेने पर जोर दिया ताकि संख्या बल परिलक्षित हो। समाज के अशोक मोदी ने समाज के पिछड़ेपन को दूर करने के उपायों की चर्चा की।
राष्ट्रीय अध्यक्ष गौरव चौरसिया ने कहा भारत के सभी लोगों को मात्र 10 रूपये जमा करा कर अखिल भारतीय चौरसिया महासभा का सदस्य बनाया जायेगा ताकि संख्या बल के आधार पर राजनैतिक दलों से अपने समाज के जुझारू लोगों के लिए राजनैतिक पदो की मांग की जाए।
आपने कहा प्रदेश में कई जातियों के बोर्ड बना दिए गए हैं समाज का बोर्ड नहीं बनाया गया है एवं पान की खेती की गंभीर समस्या होने के बाद भी पान बोर्ड की स्थापना नहीं की है आपने म.प्र. के दोनों दलों के शीर्ष नेतृत्व से सामाजिक बोर्ड एवं पान बोर्ड गठन की मांग की।
चुनाव अधिकारी महेश कानड़ी ने 26 मार्च को रायपुर में हुए चुनाव के पश्चात् उक्त बैठक में गौरव चौरसिया जी को अध्यक्ष पद पर निर्वाचित होने का प्रमाण पत्र प्रदान किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला पुरूष उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन समाजसेवी अजय चौरसिया ने किया। आभार अध्यक्ष मनोहर चौरसिया ने माना।