मनासा। थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सवेंदनशील गांव कंजार्डा पड़दा व महागढ़ में हनुमान जन्मोत्सव पर भव्य जुलूस निकाला गया। जुलूस पुलिस प्रशासन की निगरानी में निकाला गया। कंजार्डा थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह, आरसी डांगी के नेतृत्व में निकाला गया। जुलूस को लेकर जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए। साथ ही ड्रोन कैमरे से निगरानी की गई। वहीं ग्राम पड़दा में जुलूस के पूर्व थाना प्रभारी ने मस्जिद सहित निकलने वाले रूट पर ड्रोन कैमरे से सर्चिंग करवाई, जिसके बाद जुलूस निकाला गया। वहीं ग्राम महागढ़ में हुनमान मन्दिर से मुख्य बाजार से डीजे के साथ जुलूस निकाला गया। जिसमें तहसीलदार मुकेश निगम थाना प्रभारी आरसी डांगी व भारी पुलिस बल मौजूद रहा। वहीं रामपुरा थाने पर एसडीओपी यशस्वी शिंदे के नेतृत्व में हनुमान जन्मोत्सव का जुलूस निकाला गया। जहां पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। निकलने वाले सभी रूट पर पुलिस प्रशासन द्वारा पहले से सीसीटीवी कैमरे लगवा दिए थे। हनुमान जन्मोत्सव में निकलने वाले जुलूस में थाना पुलिस बिट प्रभारी ग्राम रक्षा समित्ति सदस्य चौकीदार मौजूद रहे। मनासा सहित क्षेत्र में हनुमान जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम व हर्साेल्लास के साथ मनाया गया।