सिंगोली। तहसील क्षेत्र के रतनगढ़ बाईपास मोड़िया महादेव मार्ग पर बुधवार दोपहर बाद एक बार फिर जाम लग गया। यह जाम घाट में लोडिंग वाहन के इलेक्ट्रानिक फ्यूल पंप बंद होने के बाद वाहन के स्टार्ट नहीं होने से लगा। ऐसे में घंटों इंतजार के बाद शाम करीब साढ़े 5 बजे वहां पहुंचे टेक्नीशियन द्वारा वाहन को स्टार्ट कर मार्ग को खोला गया।
बता दें कि रतनगढ़ घाट सुदृढ़ीकरण कार्य के चलते करीब चार माह पूर्व मार्ग को डायवर्ट किया गया था। फिलहाल मोडिया महादेव घाट मार्ग को बाईपास के रूप में उपयोग किया जा रहा है।
हालांकि तीव्र ढलान और खतरनाक मोड़ के कारण इस मार्ग को भारी और लोडिंग वाहनों के लिए प्रतिबंधित किया गया है। फिर भी कई हल्के और छोटे लोडिंग वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं जो घाट में अवरोध का कारण बन जाते हैं। ऐसे में यह मार्ग घंटो बाधित रहता है।
बुधवार दोपहर करीब 3 बजे उक्त इलेक्ट्रॉनिक वाहन तीव्र ढलान और संकरे मोड़ पर जाकर बंद हो गया, जिससे घाट में करीब ढाई घंटे तक जाम लगा रहा। शाम करीब साढ़े 5 बजे मौके पर पहुंचे वाहन टेक्नीशियन ने वाहन को स्टार्ट किया तब मार्ग पर आवागमन शुरू हुआ।